मनोरंजन

मुश्किल वक्त में राजपाल यादव का सहारा बने सोनू सूद, फिल्म में काम और साइनिंग अमाउंट का किया ऐलान..

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों एक पुराने आर्थिक मामले के चलते मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. उन्हें कोर्ट के आदेश पर तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा, जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री से कई लोग उनके समर्थन में सामने आए हैं. इस बीच अभिनेता सोनू सूद ने खुलकर उनका साथ देने का ऐलान किया है और उन्हें अपनी आने वाली फिल्म में काम देने की बात कही है.

सोनू सूद ने दिया काम और साइनिंग अमाउंट देने का वादा

सोनू सूद ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर बताया कि वे राजपाल यादव को अपनी अपकमिंग फिल्म में कास्ट करेंगे. उन्होंने कहा कि वे फिल्म साइन करने के बदले उन्हें साइनिंग अमाउंट भी देंगे, लेकिन यह कोई दान नहीं बल्कि उनके काम और प्रतिभा का सम्मान होगा.

सोनू सूद ने लिखा कि राजपाल यादव एक बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने कई सालों तक दर्शकों का मनोरंजन किया है. उन्होंने कहा कि जीवन में कभी-कभी परिस्थितियां खराब हो जाती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि व्यक्ति की प्रतिभा कम हो गई है. उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के अन्य निर्माताओं और निर्देशकों से भी अपील की कि वे इस कठिन समय में राजपाल यादव का साथ दें.

“दान नहीं, सम्मान है” – सोनू सूद

अपने पोस्ट में सोनू सूद ने साफ कहा कि भविष्य में किए जाने वाले काम के बदले दिया गया साइनिंग अमाउंट किसी तरह की मदद या दान नहीं है, बल्कि एक कलाकार के प्रति सम्मान है. उन्होंने कहा कि जब इंडस्ट्री का कोई सदस्य मुश्किल में होता है, तो सभी को एक परिवार की तरह उसके साथ खड़ा होना चाहिए.

5 करोड़ के कर्ज से जुड़ा है मामला

यह मामला साल 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स से लगभग 5 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही और वे कर्ज की रकम वापस नहीं कर सके.

इसके बाद उन्होंने जो चेक दिया था, वह बाउंस हो गया और मामला कोर्ट पहुंच गया. कोर्ट ने उन्हें कई बार राहत दी, लेकिन वे रकम नहीं चुका पाए. आखिरकार कोर्ट ने उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया, जिसके बाद उन्होंने सरेंडर कर दिया.

सरेंडर से पहले भावुक हुए राजपाल यादव

सरेंडर करने से पहले राजपाल यादव ने भावुक होकर कहा कि उनके पास इस समस्या से निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा है. उन्होंने कहा कि उनके पास पैसे नहीं हैं और उन्हें यह मुश्किल अकेले ही झेलनी पड़ रही है.

इंडस्ट्री में बढ़ी सहानुभूति

सोनू सूद के इस कदम के बाद फिल्म इंडस्ट्री में राजपाल यादव के लिए सहानुभूति बढ़ी है. सोनू सूद का यह समर्थन न सिर्फ आर्थिक मदद है, बल्कि एक कलाकार के आत्मसम्मान और करियर को फिर से खड़ा करने की कोशिश भी माना जा रहा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button