छत्तीसगढ़

गौरेला पेंड्रा मरवाही : बीसी सखियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

महिलाएं होंगी डिजिटल सेवाओं की नई आधारशिला

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 19 फरवरी 2026

जिले के बीसी सखियों के लिए जिला पंचायत सभा कक्ष में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण ग्रामीण महिला सशक्तिकरण एवं डिजिटल सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत के सीईओ मुकेश रावटे की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल बीसी सखियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें ग्राम स्तर पर उत्कृष्ट बैंकिंग एवं नागरिक सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।

       प्रशिक्षण में कुल 49 बीसी सखियों ने सक्रिय सहभागिता की। सीएससी आईडी प्राप्त होने के पश्चात बीसी सखियां बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं के साथ विभिन्न नागरिक सेवाएं प्रदान करेंगी। इनमें मजदूर पंजीयन, बैंक खाता खोलना, बैंकिंग लेन-देन, एग्री स्टैक पंजीकरण, पासपोर्ट आवेदन, टेली-लॉ सेवा, पीएम ई-केवाईसी, पीएम किसान नया पंजीयन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पशुधन बीमा जैसी जनकल्याणकारी सेवाएं शामिल हैं। ग्राम स्तर पर इन सेवाओं की उपलब्धता से ग्रामीणों को अब जिला या ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। साथ ही सेवाओं की पारदर्शिता और त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

     प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों की कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) आईडी आवेदन एवं जनरेशन की प्रक्रिया पूर्ण की गई। शीघ्र ही सभी बीसी सखियों को उनकी सीएससी आईडी प्रदान की जाएगी, जिसके माध्यम से वे अपने-अपने ग्राम पंचायत स्तर पर सेवाएं प्रारंभ कर सकेंगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदीप कुमार राज्य कार्यालय सीएससी बीमा सेवा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सीएससी पोर्टल संचालन, आईडी आवेदन प्रक्रिया, बैंकिंग एवं बीमा सेवाएं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन एवं सेवा संचालन की प्रक्रिया समझाई गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में डीपीएम विनीत दुबे एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला टीम का विशेष योगदान रहा। टीम ने समन्वय, मार्गदर्शन एवं व्यवस्थापन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button