
रायपुर में व्यापारिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 का नामकरण एवं लोकार्पण समारोह रविवार, 5 जुलाई 2026 को शाम 5:00 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
यह नया थोक बाजार राजधानी रायपुर में व्यापारिक गतिविधियों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। फेस-2 के शुरू होने से थोक व्यापारियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे माल के भंडारण, परिवहन और व्यापार संचालन में आसानी आएगी। साथ ही शहर के भीतर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और व्यवस्थित व्यापारिक वातावरण तैयार करने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

समारोह की अध्यक्षता राज्य के आवास एवं पर्यावरण, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब तथा रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा और सुनील सोनी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। समारोह में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, रायपुर की महापौर मीनल चौबे तथा जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
डूमरतराई थोक बाजार फेस-2 का विकास राज्य सरकार की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत राजधानी में आधुनिक और सुव्यवस्थित व्यापारिक केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। इससे व्यापारियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। समारोह के दौरान बाजार के नामकरण के साथ परियोजना को औपचारिक रूप से जनता और व्यापारियों को समर्पित किया जाएगा।



