अष्टभुजी गणेश मंदिर परिसर में 36 करोड़ 97 लाख रूपए का विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण…

मुंगेली l मुंगेली जिले के प्रसिद्घ पर्यटन स्थल मदकूदीप स्थित अष्टभुजी गणेश मंदिर परिसर में 36 करोड़ 97 लाख रूपए से अधिक की राशि के विभिन्न निर्माण व विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरूण साव, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। गरीबों के लिए पक्के मकान निर्माण, राशन वितरण और स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। नारी सशक्तिकरण के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं सड़कों, रेलवे लाइनों और एयरपोर्टों के विस्तार के जरिए क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को मजबूती दी जा रही है। उन्होने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में सभी नागरिकों से सहयोग की अपील भी की।
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि जब से हमारी सरकार बनी है, तब से प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम किया जा रहा है, विकास के जो काम रूके हुए थे, उसे पूरा किया जा रहा है।
मदकूद्वीप मांडूक्य ऋषि का आश्रम है। इसका सांस्कृतिक और पौराणिक महत्व है। साथ ही यहां की वनस्पतियां कई प्रकार की औषधियों से भरपूर है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के विकास और गौरव को आगे बढ़ाने लगातार प्रयास करेंगे। उन्होंने विभिन्न निर्माण व विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मद से क्षेत्र के विकास के लिए 20 लाख रूपए की घोषणा की।