
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक थ्री स्टार होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यह अवैध कारोबार होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून की आड़ में चल रहा था। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं सहित स्पा संचालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने बनाई विशेष टीम
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल ट्रिनिटी के सनराइज स्पा एंड सैलून में देह व्यापार का अवैध धंधा चलाया जा रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 9 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे एक पाइंटर (डमी ग्राहक) को स्पा सेंटर भेजा। पाइंटर से पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत होटल में दबिश दी।
तीन कमरों से तीन महिलाएं मिलीं, आपत्तिजनक सामग्री बरामद
रेड के दौरान होटल की सातवीं मंजिल पर स्थित स्पा सेंटर के तीन अलग-अलग कमरों में तीन महिलाएं मिलीं। महिला पुलिसकर्मियों ने कमरों की तलाशी ली, जहां से आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई।
जांच के दौरान स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि स्पा की आड़ में ग्राहकों को लड़कियां उपलब्ध कराई जाती थीं और इसके जरिए अवैध कमाई की जा रही थी। पुलिस ने होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने जब्त किए मोबाइल, नगदी और दस्तावेज
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल, 6,000 रुपये नगद (जो पाइंटर द्वारा दिए गए थे), स्पा सेंटर के दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर और वर्ष 2024 से संबंधित किरायानामा जब्त किया है।
इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 36/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में स्पा संचालक विनयकांत बरगट (43 वर्ष), निवासी दुर्ग और होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह (48 वर्ष), निवासी रायगढ़ को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा तीन महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया है।
एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा और अवैध शराब जैसे किसी भी अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरी कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित साइबर सेल और महिला पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



