स्वास्थ्य मंत्री का पूर्व सरकार पर हमला

एमसीबी (छत्तीसगढ़)। एमसीबी जिले के ग्राम पंचायत छिपछिपी में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल ने कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री जयसवाल ने जहां सरकार की विकास योजनाओं को गिनाया, वहीं पूर्ववर्ती सरकार पर जमकर हमला बोला।

पूर्व सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि
“पिछले कार्यकाल में सिर्फ मनेंद्रगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा किया गया। चाहे भरतपुर हो, बैकुंठपुर हो या छत्तीसगढ़ की कोई भी विधानसभा, हर जगह नारियल फोड़ने की होड़ मची हुई थी। बजट में पैसा आया भी नहीं और नारियल फोड़ दिए गए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि
विकास कार्यों के नाम पर जमीन पर काम नहीं हुआ,
जनता के हिस्से का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया गया,
और आज वही लोग चिट्ठी और पतरी दिखाकर दावा कर रहे हैं कि काम उन्होंने कराया।
‘चिट्ठी लिखने से विकास नहीं होता’
स्वास्थ्य मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि
“अरे भाई, चिट्ठी लिखने से कुछ नहीं होता, विकास के लिए सरकार से पैसा लगता है। जब सरकार पैसा देती है, तब जाकर काम होते हैं।”
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में योजनाएं सिर्फ कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर उतर रही हैं, जिसका उदाहरण आज ग्राम पंचायत छिपछिपी में लोकार्पित विकास कार्य हैं।
डबल इंजन सरकार में पैसों की कोई कमी नहीं
मंत्री जयसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में
और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में
डबल इंजन की सरकार चल रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि
➡ प्रदेश में विकास कार्यों के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है,
➡ गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है,
➡ और आने वाले समय में छिपछिपी सहित पूरे एमसीबी जिले में विकास की रफ्तार और तेज होगी।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य, सड़क, बुनियादी सुविधाओं और अन्य आवश्यक कार्यों को लेकर मंत्री के सामने अपनी मांगें भी रखीं, जिन पर मंत्री ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।



