मध्यप्रदेश

भोपाल में किन्नर अखाड़े का बड़ा आयोजन, सिंहस्थ से पहले सक्रियता तेज

भोपाल में महाशिवरात्रि के अवसर पर किन्नर समुदाय का एक बड़ा धार्मिक-सामाजिक आयोजन हुआ, जिसे आने वाले चुनावों और उज्जैन में प्रस्तावित सिंहस्थ की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन किन्नर अखाड़े के संस्थापक ऋषि अजय दास के नेतृत्व में किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों से किन्नर समुदाय के प्रतिनिधि शामिल हुए।

इस आयोजन में भगवा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाकांत शुक्ला और प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार भार्गव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान किन्नर अखाड़े की धार्मिक भूमिका, संगठन विस्तार और सिंहस्थ में संभावित भागीदारी को लेकर चर्चा हुई। अंदरूनी तौर पर इसे सिंहस्थ में किन्नर अखाड़े की औपचारिक मौजूदगी की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

आयोजन के दौरान दावा किया गया कि 500 से अधिक मुस्लिम किन्नरों ने सनातन धर्म में घर वापसी की। कार्यक्रम में देशभर से आए किन्नर प्रतिनिधियों ने भाग लिया। किन्नर महामंडलेश्वर हिमांगी साखी सहित कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। इस दौरान कुछ महामंडलेश्वरों का पट्टाभिषेक भी किया गया और धार्मिक पदों की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में शामिल कुछ वक्ताओं ने किन्नर समुदाय की एकजुटता, धार्मिक पहचान और सामाजिक अधिकारों पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि समुदाय के सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठित प्रयास जारी रहेंगे। हालांकि कार्यक्रम के दौरान दिए गए कुछ बयान तीखे और विवादित भी रहे, जिन पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

आयोजन को किन्नर समुदाय की धार्मिक-सामाजिक सक्रियता के एक बड़े प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक और धार्मिक मंचों पर इसकी गूंज आने वाले समय में और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button